Dhurandhar, The Revenge: निर्देशक Aditya Dhar की बहुप्रतीक्षित फिल्म Dhurandhar: The Revenge रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। Ranveer Singh, Sanjay Dutt, Arjun Rampal और Sara Arjun स्टारर यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि फिल्म की ग्लोबल रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को इसके पेड प्रीव्यू शो रखे गए हैं और इन्हीं शो की एडवांस बुकिंग ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही हलचल मचा दी है।
फिल्म की एडवांस टिकट बिक्री बेहद तेज रफ्तार से हो रही है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार 13 मार्च की सुबह तक फिल्म के लिए देशभर में 9,103 शो के लिए कुल 4,77,981 टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है। इस प्रीमियर प्री-सेल से फिल्म ने बिना ब्लॉक सीटों के लगभग 24.46 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा करीब 29.4 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। रिलीज से पहले ही इतना बड़ा कलेक्शन फिल्म की ऐतिहासिक ओपनिंग की ओर इशारा कर रहा है।
एडवांस बुकिंग के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे चल रहा है, जहां से फिल्म ने लगभग 6.45 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके बाद दिल्ली में करीब 4.75 करोड़ रुपये और कर्नाटक में 4.17 करोड़ रुपये की टिकट बिक्री दर्ज की गई है। वहीं गुजरात से 1.38 करोड़ और तेलंगाना से लगभग 1.34 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है। इन आंकड़ों से साफ है कि देश के कई राज्यों में फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज बना हुआ है।
मौजूदा बुकिंग की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि यह फिल्म जल्द ही OG का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। Pawan Kalyan की इस फिल्म ने प्रीमियर शो से करीब 25 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो अब तक किसी भी भारतीय फिल्म के लिए सबसे बड़ी प्रीमियर कमाई मानी जाती है। लेकिन ‘धुरंधर 2’ इस आंकड़े को पार कर 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्रीमियर कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन सकती है।
फिल्म के प्रीव्यू शो के टिकट फिलहाल BookMyShow और District by Zomato जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। ट्रेड सूत्रों के अनुसार 18 मार्च को शाम 4 से 5 बजे के बीच कई सिनेमाघरों में प्रीव्यू स्क्रीनिंग शुरू होगी और दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए कई थिएटर अतिरिक्त शो भी चला रहे हैं। यह स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल है, जिसकी कहानी भारतीय जासूस हमज़ा उर्फ जसकीरत सिंह रंगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार रणवीर सिंह निभा रहे हैं। पहले भाग ने दुनियाभर में लगभग 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी, ऐसे में इसके सीक्वल से भी बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड की उम्मीद की जा रही है।



