Khunti: खूंटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामसूर्या मुंडा ने कर्रा प्रखण्ड क्षेत्र के लिए अपने विधायक प्रतिनिधि की नियुक्ति कर दी है। इस संबंध में विधायक ने आधिकारिक पत्र जारी कर जानकारी दी है। जारी पत्र के अनुसार कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मसमानों निवासी अनूप लकड़ा (पिता – साधु लकड़ा) को कर्रा प्रखण्ड के लिए विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। 
विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने और आम जनता तथा प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनूप लकड़ा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
विधायक द्वारा जारी पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधायक प्रतिनिधि के रूप में अनूप लकड़ा प्रखण्ड क्षेत्र में जनसमस्याओं, विकास कार्यों तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों को विधायक तक पहुंचाने और आवश्यक समन्वय बनाने का कार्य करेंगे।
इस नियुक्ति पत्र की प्रतिलिपि जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेज दी गई है। इनमें खूंटी उपायुक्त कार्यालय, खूंटी पुलिस अधीक्षक कार्यालय, उपविकास आयुक्त सहित जिले के अन्य संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है, ताकि विधायक प्रतिनिधि को प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग मिल सके।
अनूप लकड़ा के विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि इससे कर्रा प्रखण्ड क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान में सहूलियत होगी।



