Khunti: खूंटी जिला के अड़की थाना पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अड़की थाना कांड संख्या-14/11, ST-215/14, GR-153/11 के आरोपी राबर्ट मुंडा (उम्र 32 वर्ष), पिता स्वर्गीय चमरा मुंडा, निवासी गोपोल, थाना-अड़की, जिला-खूंटी को गिरफ्तार किया गया। वहीं अड़की थाना कांड संख्या-21/11, ST-61/12, GR-223/11 के आरोपी मनसिद नाग उर्फ एसी मनसिद (उम्र लगभग 35 वर्ष), पिता शबरस नाग उर्फ अब्राहम नाग उर्फ एसी अब्राहम, निवासी कुटुंबदा (बिरबांकी), थाना-अड़की, जिला-खूंटी को भी पुलिस ने पकड़ा।
दोनों आरोपी वर्ष 2011 से फरार चल रहे थे। इनके विरुद्ध अड़की थाना से स्थायी वारंट निर्गत था। पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी थी, लेकिन दोनों लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते फिर रहे थे। हाल के दिनों में पुलिस को इनके क्षेत्र में सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वारंटियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद थाना लाकर पूछताछ की गई तथा विधि सम्मत कार्रवाई पूरी की गई।
इसके बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय, खूंटी में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून से भागने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अपराधियों के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएं, ताकि विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जा सके।


