Khunti: कर्रा थाना परिसर स्थित शिव मंदिर से प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी महा शिवरात्रि के अवसर पर भव्य शिव बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। शिवरात्रि को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। 
प्रखंड क्षेत्र के कर्रा शिवालय, महादेव टोंगरी, महादेव मंडा सहित विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान शिव, भोलेनाथ एवं शिवलिंग स्थलों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पर्व मनाया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कर्रा थाना परिसर स्थित मंदिर के आसपास टेंट, कनात एवं आकर्षक लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की गई थी, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। थाना परिसर में शिवरात्रि पूजा रविवार को सुबह आठ बजे से प्रारंभ हो गई थी।
रात्रि में बैंड-बाजे के साथ भव्य शिव बारात निकाली गई। यह बारात कर्रा थाना परिसर से प्रारंभ होकर मस्जिद चौक, महतो टोली, पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए कर्रा-खूंटी मुख्य सड़क मार्ग से पुनः थाना परिसर पहुंची। वहां शिव-पार्वती विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शिव बारात में पुलिस अधीक्षक खूंटी मनीष टोप्पो, एसडीपीओ तोरपा क्रिस्टोफर केरकेट्टा, थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेमरोम, लोधमा पिकेट प्रभारी निशा कुमारी, सब इंस्पेक्टर दीपक कांत, जोगेस सिंह, जितेन्द्र राम, कमल बाड़ा, संदीप मुंडा, बिनोद भगत, राजकुमार महतो, विनोद महतो, परवेज खान, दिलीप सिन्हा, शिव कुमार लाल, जगेश्वर महतो सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे।



