Khunti: अड़की प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत बुडरुडीह कोचांग में आयोजित जुबली समापन समारोह सह सांस्कृतिक कार्यक्रम रविवार को श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रहे।
समारोह की शुरुआत तोरपा पल्ली के युवाओं द्वारा प्रस्तुत स्टेज नृत्य से हुई। इसके बाद सांस्कृतिक विभाग की ओर से स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कोचांग के विश्वासियों के समूह गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन मान्यवर विशेष विनय कंडुलना द्वारा किया गया। इस अवसर पर समारोह से संबंधित स्मारिका (पुस्तिका) का विमोचन भी सभी विशिष्ट अतिथियों, पदाधिकारियों तथा माननीय सांसद एवं विधायक के करकमलों द्वारा किया गया।
समारोह में मान्यवर विशप आनंद जोजो (हजारीबाग धर्मप्रांत) तथा मान्यवर विशप तेलस्फोर बिलुंग (जमशेदपुर धर्मप्रांत) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं मदर जनरल सिस्टर लिली ग्रेस टोपनो (डी.एस.ए.) सहित विभिन्न प्रांतों से आए सुपीरियर फादर एवं सिस्टरों का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में सांसद कालीचरण मुंडा (खूंटी लोकसभा क्षेत्र) एवं विधायक विकास मुंडा (तोरपा विधानसभा क्षेत्र) की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अपने संबोधन में जनप्रतिनिधियों ने मिशन के कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
दूसरे सत्र में “कोचांग मिशन” पर आधारित थीम सॉन्ग एवं नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति दी गई, जिसे एलवीसी तोरपा के कलाकारों ने प्रस्तुत किया। आदिवासी नृत्य की रंगारंग झलकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बीच-बीच में विभिन्न अतिथियों ने अपने संदेश में सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गांव के बुजुर्गों, स्थानीय मुखियाओं एवं उनकी धर्मपत्नी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सांस्कृतिक विभाग द्वारा किया गया, जबकि समापन प्रार्थना एवं आशीर्वाद के साथ समारोह संपन्न हुआ।
पूरे आयोजन में अनुशासन, सहभागिता और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जुबली वर्ष 2025-26 के इस समापन समारोह ने क्षेत्र में एक नई ऊर्जा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।



