Dumka: शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित सदर पुलिस निरीक्षक कार्यालय के पीछे बरामदे में मिली आदिवासी महिला और उसकी छह साल की बेटी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर आरोपी ने मां-बेटी की हत्या कर दी।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए Pitambar Singh Kherwar ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना मंगलवार रात की है। बुधवार सुबह दोनों के शव बरामद हुए थे। मृतका की पहचान उसके परिजनों ने की। वह काठीकुंड थाना क्षेत्र की रहने वाली थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम महिला वीर कुंवर सिंह चौक के पास खड़ी थी। तभी वाहन चालक जैनुल हक उर्फ जैनुल अंसारी की नजर उस पर पड़ी। आरोपी महिला को बहला-फुसलाकर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया।
जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। इसी दौरान उसकी छह साल की बेटी ने घटना देख ली। पुलिस का कहना है कि पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने बच्ची की भी हत्या कर दी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महिला ने बैंक से पांच हजार रुपये निकाले थे। हत्या के बाद आरोपी वह रकम लेकर फरार हो गया।
तकनीकी साक्ष्य से पहुंची पुलिस
मामले के खुलासे के लिए एसडीपीओ विजय महतो के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला के साथ नजर आया। फुटेज के आधार पर स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ की गई, जिससे आरोपी की पहचान हुई।
मोबाइल नंबर मिलने के बाद जब उसका फोन बंद मिला तो संदेह और गहरा गया। तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से छीने गए पांच हजार रुपये और बैंक पासबुक बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।


