Ranchi: Railway Protection Force (आरपीएफ) रांची ने ऑपरेशन “नारकोस” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर की गई, जहां मौर्या एक्सप्रेस से उतरे एक युवक और युवती को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।
दोनों की पहचान राजू कुमार (29 वर्ष) और छोटी कुमारी (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों घबराए हुए दिखे, जिससे आरपीएफ जवानों का शक गहरा गया। तलाशी लेने पर उनके बैग से प्लास्टिक में लिपटे गांजे के कुल 18 पैकेट बरामद हुए—राजू के पास से 10 और छोटी कुमारी के पास से 8 पैकेट। मौके पर वजन करने पर कुल 18 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा संबलपुर (ओडिशा) से लाया गया था और इसे सासाराम (बिहार) में सुपुर्द करना था। खेप उन्हें संबलपुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा दी गई थी और सासाराम स्टेशन पर एक अन्य व्यक्ति को सौंपने की योजना थी।
मामले की सूचना सहायक सुरक्षा आयुक्त को दी गई, जिसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई। बरामद गांजे को सील कर दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए Government Railway Police (जीआरपी) रांची को सौंप दिया गया है।
आरपीएफ के अधिकारियों और स्टाफ की संयुक्त कार्रवाई को ऑपरेशन “नारकोस” के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है। रेलवे परिसर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी है।



