Deoghar: जिले में अवैध बालू कारोबार ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि देवघर में बालू का अवैध उठाव खुलेआम और बेखौफ तरीके से हो रहा है। रात होते ही सैकड़ों ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ने लगते हैं और प्रशासन की नाक के नीचे कई प्रमुख चौराहों से होकर गुजरते हैं। खासकर सारठ थाना क्षेत्र में यह कारोबार पूरी तरह बेरोकटोक चलने का आरोप लगाया जा रहा है।
नदियों से दिन-रात हो रहा अवैध बालू उठाव
स्थानीय समाजसेवी प्रमोद कुमार ने बताया कि डामाकुंडी, महापुर, बैलावाद, रानीगंज, सती घाट और अजय नदी पुल के आसपास से सैकड़ों ट्रैक्टरों द्वारा दिन-रात अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है। उनका आरोप है कि यह पूरा कारोबार स्थानीय प्रशासन की जानकारी में चल रहा है, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
रात के शोर और तेज रफ्तार से दहशत में लोग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात 9 बजे के बाद ट्रैक्टरों के तेज शोर और रफ्तार के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से डरते हैं। नाम न छापने की शर्त पर लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर कभी भी जानलेवा हादसे का कारण बन सकते हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

थाना स्तर से संरक्षण का आरोप
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू माफिया को थाना स्तर पर संरक्षण प्राप्त है। कहा जा रहा है कि मोटी रकम के बदले कार्रवाई से पूरी तरह छूट दी जा रही है। इसके कारण न सिर्फ कानून-नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं, बल्कि नदियों के अस्तित्व पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
जिला परिषद सदस्य ने जताई बड़ी दुर्घटना की आशंका
इस पूरे मामले पर जिला परिषद सदस्य प्रमोद कुमार सिंह ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में है। उन्होंने चेतावनी दी कि अजय नदी पुल के बेहद करीब से बालू निकाले जाने से पुल की संरचना कमजोर हो सकती है, जिससे भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
जिला परिषद सदस्य ने देवघर के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि अवैध बालू खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, बालू माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और अजय नदी को और अधिक नुकसान से बचाया जाए।
पुलिस का दावा—लगातार हो रही कार्रवाई
वहीं इस मामले पर देवघर के एसपी सौरभ ने कहा है कि पुलिस लगातार अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों को जेल भेजा जा रहा है और जैसे ही सूचना मिलती है, पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई अस्थायी होती है और कुछ दिनों बाद अवैध कारोबार फिर से शुरू हो जाता है।


