Bokaro: जिले में रविवार को सेल (SAIL) की ओर से सेल हाफ मैराथन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। सेक्टर-4 स्थित मंगलम स्टेडियम से शुरू हुई इस मैराथन में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही मैराथन देखने और प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचे।
डीआईसी ने दिखाई हरी झंडी
सेल के डीआईसी प्रियरंजन ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों के मन, मस्तिष्क और शरीर में नया जोश और उत्साह भरते हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक रेस नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का महोत्सव है।
वर्षों से हो रहा है मैराथन का आयोजन
बोकारो स्टील प्लांट द्वारा कई वर्षों से मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। शुरुआत में इसमें सीमित लोग शामिल होते थे, लेकिन समय के साथ लोगों का रुझान बढ़ा और आज यह आयोजन हजारों प्रतिभागियों की सहभागिता वाला बड़ा कार्यक्रम बन चुका है, जो समाज को सकारात्मक संदेश देता है।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश
डीआईसी प्रियरंजन ने कहा कि हर साल होने वाले इस आयोजन में खासकर युवाओं और युवतियों की भागीदारी बढ़ रही है, जो समाज के लिए अच्छा संकेत है। बच्चों और बुजुर्गों की सक्रिय मौजूदगी भी प्रेरणादायक रही। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होते हैं और ऐसे कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए।


