Ranchi: रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को ट्रैफिक एसपी और ग्रामीण एसपी की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान के तहत 700 से ज्यादा प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड बाइक साइलेंसर को जब्त कर बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया।
राजधानी रांची में बीते एक महीने के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया था। इस दौरान 250 से अधिक प्रेशर हॉर्न और करीब 400 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले 700 से ज्यादा बाइक सवारों का चालान भी काटा गया। जब्त किए गए सभी प्रेशर हॉर्न और साइलेंसर को शनिवार को रांची पुलिस लाइन में एक साथ बुलडोजर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई को लेकर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि कार या बाइक में प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना ट्रैफिक नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी होती है, खासकर अस्पतालों और रिहायशी इलाकों में तेज आवाज से मरीजों और बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया।
ट्रैफिक एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस अभियान का दायरा आगे और बढ़ाया जाएगा। आने वाले दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को अनावश्यक शोर और ट्रैफिक अव्यवस्था से राहत मिल सके।
मौके पर मौजूद ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि अभियान के दौरान न केवल प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर, बल्कि वाहनों में लगे ऐसे प्रतिबंधित लाइट्स भी नष्ट किए गए, जो सड़क पर ड्राइविंग के दौरान बाधा उत्पन्न करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों के लिए एक सख्त संदेश है, जो नियमों की अनदेखी कर अपने वाहनों में अवैध और खतरनाक उपकरण लगाते हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में कई बुजुर्गों और नागरिकों ने ट्रैफिक एसपी से शिकायत की थी कि खासकर रात के समय और अस्पतालों के आसपास तेज आवाज वाले साइलेंसर से मरीजों को गंभीर परेशानी होती है। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यह व्यापक और सख्त कार्रवाई की है।


