Breaking News

झारखंड में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, जानिए किसने कहां फहराया राष्ट्रीय ध्वज

Koderma/Deoghar: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को पूरा झारखंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राज्य के सभी जिलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और भव्य समारोहों का आयोजन हुआ। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और राजनीतिक कार्यालयों में तिरंगा शान से लहराया।

पाकुड़ में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया ध्वजारोहण

पाकुड़ के मुख्य समारोह स्थल रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड टुकड़ियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं और विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मियों को सम्मानित किया गया।

समाहरणालय में उपायुक्त मनीष कुमार, व्यवहार न्यायालय में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर पाण्डेय, पुलिस केंद्र में एसपी निधि द्विवेदी और जिला परिषद कार्यालय में अध्यक्ष जुली ख्रीष्टमा हेंब्रम ने ध्वजारोहण किया।

गोड्डा में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने फहराया तिरंगा

गोड्डा के गांधी मैदान में आयोजित समारोह में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान विभिन्न विभागों और शिक्षण संस्थानों की झांकियां प्रस्तुत की गईं। पुलिस बल और स्कूली बच्चों की परेड की सलामी मंत्री ने ली। उन्होंने जिले और राज्य में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी और स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों को सम्मानित किया।

जामताड़ा में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी रहे मुख्य अतिथि

जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए झारखंड सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।

इस मौके पर मंत्री ने राज्य में मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना और रिम्स-2 के निर्माण की घोषणा की। साथ ही जामताड़ा सहित अन्य जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में प्रस्ताव दिए जाने की जानकारी भी दी।

बोकारो में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया ध्वजारोहण

बोकारो के सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। परेड निरीक्षण और सलामी के बाद मंत्री ने जिलेवासियों को संबोधित किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की झांकियों ने विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण का संदेश दिया।

देशभक्ति गीतों और झांकियों ने बढ़ाया उत्साह

गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे राज्य में देशभक्ति गीतों, परेड और झांकियों ने लोगों में उत्साह भर दिया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों और पंचायत स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों ने उत्साह और उमंग के साथ गणतंत्र दिवस मनाया।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post