Khunti: गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा। इस अवसर पर सोमवार सुबह सात बजे मिश्रा टोली से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कचहरी मैदान पहुंचकर समाप्त होगी। प्रभात फेरी में स्कूली बच्चे, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं आम नागरिक शामिल होकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे।
गणतंत्र दिवस के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से कचहरी मैदान, खूंटी सहित जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर कुल 22 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पुलिस बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। सोमवार सुबह छह बजे से अपराह्न बारह बजे तक शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह वर्जित रहेगा। रांची–खूंटी मुख्य पथ से आने-जाने वाले सभी वाहन बिरहु मोड़ से होकर कुंजला मार्ग के रास्ते आवागमन करेंगे।
इसी तरह तमाड़ मोड़ से आने वाले सभी वाहनों को तिरला संजीवनी ट्रस्ट के समीप रोका जाएगा, जबकि चाईबासा की ओर से आने वाली गाड़ियों को टंगरा टोली में रोका जाएगा। प्रशासन द्वारा बिरहु मोड़, कुंजला मोड़, टंगरा टोली एवं तिरला संजीवनी ट्रस्ट के समीप बैरियर लगाए गए हैं।
समारोह में भाग लेने आने वाले आम नागरिकों एवं अतिथियों के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि यातायात बाधित न हो और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों एवं निर्देशों का पालन करें, समय से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें और गणतंत्र दिवस को शांति, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।



