Dhanbad : ओडिशा के क्योंझर जिले में हुई करोड़ों की बैंक डकैती का धनबाद पुलिस और ओडिशा पुलिस ने संयुक्त रूप से खुलासा कर दिया है। 19 जनवरी को क्योंझर जिले के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती के मामले में धनबाद से दो आरोपियों को लूटे गए सोने के साथ गिरफ्तार किया गया है।
धनबाद–ओडिशा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
क्योंझर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक प्रत्यूष मोहपात्रा के नेतृत्व में ओडिशा पुलिस की टीम धनबाद पहुंची थी। धनबाद पुलिस के सहयोग से निरसा और सिंदरी थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर मामले का उद्भेदन किया गया।
शनिवार को पुलिस सभागार में धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और क्योंझर के एएसपी प्रत्यूष मोहपात्रा ने संयुक्त प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।
5 से 6 किलो सोना लूटने का आरोप
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बड़बिल थाना में दर्ज मामले के अनुसार डकैतों ने बैंक से करीब 5 से 6 किलो सोना लूटा था, जिसकी कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। जांच के दौरान इस डकैती के तार धनबाद से जुड़े मिले, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई की गई।
छापेमारी में 288 ग्राम सोना बरामद
संयुक्त पुलिस टीम की छापेमारी में 288 ग्राम लूट का सोना, घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान धनबाद के चासनाला निवासी 27 वर्षीय राज कुमार सिंह और निरसा निवासी 33 वर्षीय कुणाल राज वर्मा के रूप में हुई है।
भारी हथियारों के साथ बैंक में घुसे थे अपराधी
एएसपी प्रत्यूष मोहपात्रा ने बताया कि अपराधी भारी हथियारों से लैस होकर बैंक में दाखिल हुए थे। उन्होंने बैंक मैनेजर को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया और डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
छापेमारी अब भी जारी
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था, लेकिन धनबाद और क्योंझर पुलिस के संयुक्त प्रयास से इसका खुलासा संभव हो सका। उन्होंने कहा कि मामले में आगे भी कई जगहों पर छापेमारी जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


