Giridihi : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कर्ज के दबाव में एक मां और उसकी नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 36 वर्षीय पुतुल देवी और उनकी 16 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
घर के कमरे में मिला मां-बेटी का शव
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो शक हुआ। दरवाजा खोलने पर अंदर मां और बेटी का शव मिला। सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
पांच लाख के लोन का था दबाव
मृतका के पति सोनू राम ने बताया कि उनकी पत्नी पुतुल देवी ने एक महिला समूह से करीब पांच लाख रुपये का लोन लिया था, जिसकी जानकारी उन्होंने परिवार को नहीं दी थी। कुछ समय से फाइनेंस कंपनी की ओर से ईएमआई चुकाने का दबाव बढ़ रहा था, जिससे वह लगातार तनाव में रहने लगी थीं। पूछने पर भी वह अपनी परेशानी खुलकर नहीं बताती थीं।
ईएमआई के तनाव में उठाया कदम
सोनू राम का कहना है कि लोन की किस्तों के दबाव के कारण ही उनकी पत्नी और बेटी ने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि पूरी स्थिति समझने से पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर जेएमएम नेता अजीत कुमार पप्पू भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।
पुलिस कर रही है हर पहलू से जांच
गिरिडीह के एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों द्वारा कर्ज के दबाव को वजह बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।
परिजनों से की गई पूछताछ
पुलिस ने मृतकों के परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की है। एसडीपीओ ने बताया कि घर में पति और तीन अन्य भाई भी रहते हैं। घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।


