Khunti : भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद, पद्मभूषण से सम्मानित कड़िया मुंडा को अज्ञात अपराधियों ने पुलिस अधिकारी बनकर रंगदारी की धमकी दी है। 80 वर्षीय आदिवासी नेता के लिए यह पहला मौका है जब उन्हें इस तरह की धमकी भरी कॉल मिली है।
कड़िया मुंडा के निजी सहायक डॉ. निर्मल सिंह ने बताया कि मोबाइल नंबर 8208746581 से कड़िया मुंडा के नंबर 9431108685 पर बार-बार कॉल आ रही हैं। कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पैसे की मांग कर रहा है और धमकी भी दे रहा है।
डॉ. निर्मल सिंह ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की और पुलिस व मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग किया। उन्होंने बताया कि कड़िया मुंडा स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से गुजर रहे हैं, और इस तरह के फोन कॉल से उनका मानसिक संतुलन प्रभावित हो रहा है।
एसपी मनीष टोप्पो ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉ. सिंह की शिकायत पर रांची के साइबर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और रंगदारी मांगने वाले दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि कड़िया मुंडा वरिष्ठ भाजपा नेता होने के साथ-साथ लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं और खूंटी से पूर्व सांसद भी रह चुके हैं।


