Khunti: खूंटी जिले में पड़हा के राजा एवं अबुआ झारखंड पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोमा मुंडा की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एसपी मनीष टोप्पो के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने हत्याकांड की गहन जांच शुरू कर दी है। एसआईटी द्वारा अब तक दर्जनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 
इस मामले की जांच के लिए एएसपी ख्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है, जिसमें खूंटी, सायको, मारंगहादा एवं मुरहू थाना प्रभारियों सहित कुल 10 से 12 पुलिस अधिकारी शामिल हैं। टीम द्वारा विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है, ताकि हत्या में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
शुक्रवार को आईजी मनोज कौशिक स्वयं खूंटी पहुंचे और एसपी मनीष टोप्पो सहित एसआईटी टीम के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की। आईजी ने जांच टीम को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि हत्याकांड की जांच हर एंगल से की जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा।



