Khunti: भारतीय युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन ने आज प्रखंड विकास पदाधिकारी खूंटी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में ठंड के कारण उत्पन्न गंभीर समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया और सभी पंचायतों में कंबल वितरण की मांग की। 
मुलाकात के दौरान आमिर हुसैन ने कहा कि लगातार गिरते तापमान से सबसे अधिक परेशानी गरीब, असहाय, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को हो रही है। कई परिवार ऐसे हैं जिनके पास ठंड से बचाव के पर्याप्त साधन नहीं हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा त्वरित राहत पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आग्रह किया कि सभी पंचायतों में अविलंब कंबल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके।
इसके साथ ही बैठक में सार्वजनिक स्थानों, चौराहों, बस स्टैंड, बाजार एवं अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव जलाने की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। आमिर हुसैन ने कहा कि रात के समय खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों, मजदूरों और राहगीरों के लिए अलाव की व्यवस्था बेहद जरूरी है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि प्रशासन ठंड की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा,
युवा कांग्रेस हमेशा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रही है। वर्तमान समय में बच्चों, बुजुर्गों और गरीबों को ठंड से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन और सामाजिक संगठनों के सहयोग से ही इस संकट से निपटा जा सकता है।
मुलाकात के दौरान युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें जय कुमार साहू, इमरान खान, अनमोल धन, साजिद आलम, सुभाष होरो, नवाज़ अंसारी, संदीप महतो, अजय महतो, संजीत नायक, उस्मान खान सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से ठंड से राहत के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की अपील की।



