Ikkis Box Office Collection : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, लेकिन ओपनिंग डे पर फिल्म को दर्शकों का उतना रिस्पॉन्स नहीं मिला जितना उम्मीद की जा रही थी। निर्देशक श्रीराम राघवन ने अपनी फिल्मों के अंदाज को बदलते हुए इस बार देशभक्ति पर आधारित फिल्म बनाई है, जिसे काफी प्रचार-प्रसार के साथ रिलीज किया गया। धर्मेंद्र की अंतिम फिल्म होने के कारण फिल्म देखने के लिए फैंस में काफी उत्सुकता थी।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इक्कीस ने ओपनिंग डे पर भारत में लगभग 7 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। हालांकि, शुरुआती अनुमान के मुताबिक फिल्म एडवांस बुकिंग सहित लगभग 5 करोड़ रुपये की कमाई करेगी, लेकिन फिल्म ने उम्मीद से 2 करोड़ ज्यादा कमाए। इसके बावजूद, 200 करोड़ के भारी बजट के हिसाब से यह शुरुआत कमजोर मानी जा रही है।
फिल्म को नए साल के मौके पर रिलीज किया गया और इसे एक्स्टेंडेड वीकेंड भी मिला। अब ट्रेड विशेषज्ञों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वीकेंड और विदेशों में फिल्म का प्रदर्शन कैसा रहेगा। पिछले अनुभवों से पता चलता है कि कई साउथ इंडियन फिल्मों ने विदेशों में शानदार कमाई की है, जबकि बॉलीवुड की कई फिल्मों को विदेशों में अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई।
इक्कीस में मुख्य भूमिका में अगस्त्य नंदा हैं, जो अमिताभ बच्चन के नाती हैं और यह उनका बॉलीवुड डेब्यू है। उन्होंने फिल्म में अरुण खेत्रपाल का किरदार निभाया है। वहीं, धर्मेंद्र ने एम.एल. खेत्रपाल की भूमिका निभाई है। फिल्म में जयदीप अहलावत और सिमर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में हैं। अपने पसंदीदा सुपरस्टार को आखिरी बार बड़े पर्दे पर देखने को लेकर फैंस काफी भावुक नजर आए।
फिल्म के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती एक्सटेंडेड वीकेंड और अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर है। अगर फिल्म विदेशों में अच्छा प्रदर्शन करती है तो भारी बजट की भरपाई में मदद मिल सकती है। फिलहाल, ‘इक्कीस’ की शुरुआत औसत से कमजोर रही है, लेकिन आगे की कमाई तय करेगी कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल होगी या नहीं।



