जमशेदपुर: मानगो के आजाद नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक खुद को दिल्ली से आया जीएसटी अधिकारी बताकर दुकानदारों से वसूली करने लगा। युवक जवाहर नगर रोड नंबर-16 के आसपास की दुकानों में पहुंचकर जीएसटी अपडेट नहीं होने का हवाला देते हुए जुर्माना भरने की धमकी दे रहा था।
सरकारी कार्रवाई का डर दिखाकर मांग रहा था पैसे
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, युवक बड़े आत्मविश्वास के साथ दुकान-दुकान घूम रहा था और कह रहा था कि इलाके के कई दुकानदारों का जीएसटी अपडेट नहीं है। उसने चेतावनी दी कि अगर तुरंत पैसे नहीं दिए गए तो दुकानों को सील कर दिया जाएगा। सरकारी कार्रवाई का डर दिखाकर वह मनमाने ढंग से रकम वसूलने की कोशिश कर रहा था।
पहचान पत्र मांगते ही खुली पोल
शुरुआत में कुछ दुकानदार उसकी बातों में आ गए, लेकिन जब उसकी बातों में विरोधाभास नजर आने लगा तो लोगों को शक हुआ। इसके बाद दुकानदारों ने उससे पहचान पत्र, नियुक्ति पत्र और अन्य आधिकारिक दस्तावेज दिखाने को कहा। इस पर युवक घबरा गया और कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सका, जिससे उसकी सच्चाई सामने आ गई।
आक्रोशित लोगों ने की पिटाई
फर्जीवाड़े का अंदेशा होते ही स्थानीय लोगों और दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे वहीं रोककर आजाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में नशेड़ी निकला युवक
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की गई। आजाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि जांच में युवक नशेड़ी पाया गया है। फिलहाल फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर ठगी करने की पुष्टि नहीं हुई है। युवक के साथ मारपीट की गई थी, मामले की जांच जारी है।



