Vaibhav Suryavanshi : भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए देश का सर्वोच्च बाल सम्मान, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों प्राप्त हुआ। केवल 14 साल की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में कई रिकॉर्ड बनाने वाले वैभव ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी के पहले मैच में ताबड़तोड़ 190 रन भी बनाए थे।
शुक्रवार, 26 दिसंबर को बिहार की टीम जब दूसरे मैच के लिए मैदान पर थी, वैभव नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए गए। इस मौके पर देशभर के युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किए गए। बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव को उनकी क्रिकेट में उपलब्धियों, जैसे आईपीएल में सबसे छोटे खिलाड़ी बनने और सबसे तेज शतक लगाने जैसे रिकॉर्ड के लिए यह पुरस्कार दिया गया। अवॉर्ड समारोह के दौरान वैभव नांरगी रंग के ब्लेजर और सफेद कुर्ता-पायजामा में उपस्थित थे।
वैभव के परिवार के लिए यह गर्व का पल भी था। उनके बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम पर अवॉर्ड लेते हुए वैभव की फोटो शेयर की और लिखा, “हमारे लिए गर्व का पल है। हमारे देश की राष्ट्रपति के हाथों आज वैभव को बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हमारी राष्ट्रपति ने वैभव की तारीफ भी की।”
इस अवॉर्ड के साथ ही वैभव सूर्यवंशी न केवल क्रिकेट के क्षेत्र में बल्कि देश के युवा प्रतिभाओं के बीच एक प्रेरणास्रोत बन गए हैं।



