Chaibasa : किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में शनिवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। बंदगांव प्रखंड के कराईकेला लैम्प्स में धान अधिप्राप्ति (क्रय) केंद्र का विधिवत उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई ने दीप प्रज्वलित कर किया। केंद्र खुलते ही पहले दिन क्षेत्र के किसानों से लगभग 70 क्विंटल धान की खरीदारी की गई।

₹2450 प्रति क्विंटल की दर से होगा भुगतान
उद्घाटन के बाद किसानों को संबोधित करते हुए मिथुन गागराई ने कहा कि यह केंद्र खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता विभाग द्वारा खोला गया है। उन्होंने कहा, “अब तक किसानों को बाजारों में अपना धान ₹12 से ₹15 प्रति किलो की कम दर पर बेचना पड़ता था। लेकिन अब इस केंद्र पर सरकारी दर और बोनस मिलाकर किसानों को ₹2450 प्रति क्विंटल का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।”
भवन निर्माण की योजना और सरकारी लाभ
विधायक प्रतिनिधि ने यह भी आश्वासन दिया कि धान के सुरक्षित भंडारण के लिए कराईकेला लैम्प्स में जल्द ही नए गोदाम भवन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, बीडीओ भीषम कुमार ने कहा कि इस योजना से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्र के सभी किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के चक्कर में न पड़कर सीधे लैम्प्स में ही अपना धान बेचें।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक और सहकारी विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें अंचल अधिकारी (CO) भीषम कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी अनीता कुमारी, सहायक जिला सहकारिता पदाधिकारी मधु कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लाल सिंह भूमिज, जीप सदस्य बासंती पूर्ति, अध्यक्ष केदार बानरा, सचिव दिनेश प्रसाद
साथ ही पंचायत समिति सदस्य तीरथ जामुदा, पूर्व 20 सूत्री सदस्य महेश प्रसाद साहू, विजय सिंह जोंको, और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित थे। इस केंद्र के खुलने से पूरे क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है।



