Khunti : बिरसा की धरती खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड स्थित फटका पंचायत में मौजूद झारखंड के सबसे खूबसूरत जलप्रपातों में शामिल पेरवाघाट और पांडुपुंडिंग पर्यटक स्थल आज भी उपेक्षा का शिकार हैं। दोनों जलप्रपातों तक जाने वाली सड़कें पिछले दो वर्षों से पूरी तरह जर्जर पड़ी हैं। हालत इतनी खराब है कि स्थानीय लोग और पर्यटक पैदल चलने में भी कठिनाई महसूस करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन सड़कों की बदहाली न केवल सैलानियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है, बल्कि खूंटी जिला प्रशासन और राज्य सरकार की छवि भी धूमिल कर रही है। इतनी प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर स्थल तक पहुंचने के लिए उबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरना पड़ता है, जिससे पर्यटकों में झारखंड राज्य की छवि खराब होती है।
बताया गया कि माननीय मुख्यमंत्री और तत्कालीन राज्यपाल ने दो वर्ष पूर्व इन पर्यटन स्थलों को विकसित करने की घोषणा की थी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए थे। लेकिन लंबे समय के बाद भी सड़कों के निर्माण या मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थिति यह है कि फटका पंचायत के कई गांवों के लोग पेरवाघाट के रास्ते का उपयोग छोड़कर गुटूहातू गांव के रास्ते घुमकर तपकरा और तोरपा प्रखंड मुख्यालय आने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासी और जनप्रतिनिधि बार-बार मांग कर रहे हैं कि इन महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों की सड़कें जल्द से जल्द बनाई जाएं ताकि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके, स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ हो और राज्य सरकार के प्रति आमजनों का विश्वास भी मजबूत हो।
लोगों का कहना है कि प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर पेरवाघाट और पांडुपुंडिंग जलप्रपात तक सुगम एवं सुंदर सड़क निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री द्वारा दो वर्ष पूर्व दिए गए निर्देशों का जल्द क्रियान्वयन करते हुए सड़क मरम्मत और विकास कार्य शीघ्र शुरू किए जाएं। नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि सरकार और जिला प्रशासन इस महत्वपूर्ण जनमुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएंगे।



