Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जमशेदपुर दौरे के दौरान राज्य में सत्ता परिवर्तन की सभी अटकलों को खारिज करते हुए साफ कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन किसी भी दबाव में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन में काफी हिम्मत है और वे भाजपा के सामने झुकने वाले नहीं हैं।
मंत्री ने जोर देकर कहा कि झारखंड में महागठबंधन की ही सरकार चलेगी और इसे कोई अस्थिर नहीं कर सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता परिवर्तन की अफवाहें वही लोग फैला रहे हैं जो खुद “अफवाहों के हेड मास्टर” हैं।
केंद्र सरकार द्वारा राज्य की राशि रोकने पर इरफान अंसारी ने कहा कि यदि केंद्र सहायता नहीं भी देती है, तो भी झारखंड अपने स्रोतों से राजस्व जुटाने में सक्षम है और विकास कार्य रुकने नहीं दिए जाएंगे।
एमजीएम अस्पताल में पानी की समस्या पर समाधान की तैयारी
नए एमजीएम अस्पताल को पूरी तरह से चालू करने से जुड़े सवाल पर मंत्री ने बताया कि यहां पानी की किल्लत एक बड़ी समस्या है। नो डीप बोरिंग की मंजूरी दी जा चुकी है और टाटा स्टील से पानी उपलब्ध कराने के लिए बातचीत की जाएगी। फिलहाल टाटा स्टील अस्पताल को पानी उपलब्ध नहीं करा रहा है।
इरफान अंसारी ने ये बातें जमशेदपुर के उपायुक्त कार्यालय में विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण कार्यक्रम के बाद प्रेस वार्ता में कहीं।



