Ghatsila : झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई और कुल 20 राउंड में पूरी की जाएगी। इस उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 12वें राउंड तक झामुमो (JMM) के सोमेश चंद्र सोरेन लगातार आगे बने हुए हैं।
तीसरे राउंड तक सोमेश चंद्र सोरेन ने 7,541 वोटों से बढ़त बना ली थी। 12वें राउंड में उनकी बढ़त और बढ़कर 23,385 वोट हो गई है। इस दौरान झामुमो को कुल 64,637 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी बाबू लाल सोरेन 41,252 वोटों पर बने हैं।
इस उपचुनाव में तीसरे स्थान पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेकेएलएम) के प्रत्याशी रामदास मुर्मू हैं। मतगणना का प्रक्रिया बेहद तेज़ी से चल रही है और अंतिम परिणाम दोपहर बाद जारी होने की संभावना है। हर राउंड के साथ सोमेश की बढ़त और स्पष्ट होती जा रही है।
घाटशिला सीट स्वर्गीय रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी। झामुमो उम्मीदवार सोमेश सोरेन, दिवंगत रामदास सोरेन के पुत्र हैं, जबकि भाजपा के बाबू लाल सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र हैं। इसलिए यह मुकाबला केवल प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि दो राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा का भी सवाल है।
उपचुनाव में मतदाताओं की अच्छी भागीदारी रही। अंतिम नतीजों के आने तक सभी की निगाहें सोमेश चंद्र सोरेन और बाबू लाल सोरेन के बीच की बढ़त पर टिकी रहेंगी। 12वें राउंड के आंकड़े बताते हैं कि इस सीट पर झामुमो की जीत की संभावना बढ़ रही है।



