Dhanbad : धनबाद में पूजा टाकीज के पास जिला परिषद की जमीन को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। जिला परिषद की ओर से चहारदीवारी निर्माण का काम शुरू किया गया था, लेकिन रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग और आरपीएफ के कर्मचारी इसे रोकने पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह और एसडीएम को मामले को संभालने के लिए बुलाना पड़ा।
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि जमीन जिला परिषद की खतियानी है और अंचलाधिकारी की रिपोर्ट में भी यही उल्लेख है। वहीं, रेलवे ने अपने मैप और कागजात दिखाकर जमीन पर अपना दावा जताया। एसडीएम ने विवाद सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को दो दिन का समय देने की बात कही।
जिला परिषद का आरोप है कि रेलवे ने पहले कागजात मांगने के बावजूद कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। डीआरएम को सभी कागजात सौंपे जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, विवादित जमीन पर पहले वर्षाें पहले जिला परिषद द्वारा शिलापट्ट भी लगाया गया था, जिसे अब हटा दिया गया है।
रेलवे ने जमीन को कोच रेस्टोरेंट के लिए चुना है और ठेकेदार ने इसके लिए शुल्क भी जमा कर दिया है। ठेकेदार ने जमीन की सफाई करवा दी थी, ताकि रेलवे ट्रैक पर कोच खड़ा कर रेस्टोरेंट का संचालन शुरू किया जा सके। लेकिन इसी बीच जमीन को लेकर विवाद उभर गया।
मामले को सुलझाने के लिए एसडीएम और अंचलाधिकारी विवादित जमीन के कागजात और स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। दोनों पक्षों को दो दिन का समय दिया गया है। अब देखना यह है कि जिला परिषद और रेलवे के बीच जमीन का विवाद किस तरह सुलझाया जाता है और रेस्टोरेंट संचालन कब शुरू होगा।



