Murhu (Khunti): मुरहु प्रखंड मुख्यालय और मुख्य मार्ग पर हाल ही में लगाई गई हाई मास्क लाइटें मात्र एक महीने के भीतर ही बंद या झिलमिला कर काम कर रही हैं। इसके कारण रात के समय मुख्य मार्ग अंधकार में डूब जाता है, जिससे स्थानीय जनता में आक्रोश है।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि लाइटें जनहित में लगाने के लिए योजना बनाई गई थी, लेकिन न तो प्रखंड कार्यालय को इसकी औपचारिक सूचना दी गई और न ही यह बताया गया कि किस मद से कार्य कराया गया और किस एजेंसी या ठेकेदार को जिम्मेदारी दी गई।
उन्होंने झारखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (JREDA), राँची को शिकायत भेजी है, लेकिन अब तक कोई उत्तर नहीं मिला। उप प्रमुख ने इसे जनता के पैसे की बर्बादी और भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइटें बंद होने से रात में आवागमन कठिन हो गया है और दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल जाँच की मांग की है।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि सभी हाई मास्क लाइटों की तकनीकी और गुणवत्ता जाँच कराई जाए, दोषी ठेकेदार या एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और भविष्य में उच्च गुणवत्ता वाली प्रमाणित सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
जनता ने उप प्रमुख के कदम का स्वागत किया है और आशा जताई है कि जिला प्रशासन और JREDA मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई करेंगे।



