Khunti: विजयदशमी के शुभ अवसर पर खूंटी के महादेव मंडा मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थानीय समिति KKBK की ओर से 33 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत धूमधाम के साथ रावण दहन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग दूर-दराज से शामिल होने पहुंचे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खूंटी एसडीएम रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में खूंटी एसडीपीओ मौजूद रहे। इसके अलावा खूंटी प्रखंड विकास पदाधिकारी, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता ज्योतिष भगत, इंस्पेक्टर जेवियर बाड़ा और खूंटी थाना प्रभारी मोहन कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे और लोगों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। 
इस बार लगभग 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण किया गया था, जिसे शाम होते ही अग्नि के हवाले किया गया। पुतला दहन के साथ ही मैदान में मौजूद लोगों ने जयकारे लगाए और आतिशबाज़ी के बीच विजयदशमी का पर्व उल्लास के साथ मनाया।
रावण दहन कार्यक्रम के पूर्व सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें नागपुरी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को खूब झुमाया। गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे और पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

भव्य आयोजन के साथ महादेव मंडा में रावण दहन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और लोगों ने इसे बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया।



