Khunti :(झारखंड): तपकरा थाना क्षेत्र के कुमांग गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक किशोरी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सरस्वती कुमारी के रूप में हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हत्या का आरोप प्रेम कुमार पर है, जो लापुंग थाना क्षेत्र के मालगो गांव का रहने वाला बताया जाता है। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब 9 बजे प्रेम कुमार कुमांग गांव पहुंचा और किसी बात को लेकर सरस्वती कुमारी से विवाद हुआ। इसी दौरान उसने चाकू से हमला कर किशोरी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और सरस्वती कुमारी को तुरंत रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी प्रेम कुमार मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। ग्रामीणों में इस घटना के बाद गुस्सा और आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।



