Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची बाटा लाइन में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। कपड़ा कारोबारी चिरंजीलाल एंड संस के मालिक विशाल अग्रवाल उर्फ बाबू पर उनके ही कर्मचारी ने चाकू से हमला कर दिया। घटना रात करीब नौ बजे की है, जब दुकान पर विशाल और उनके भाई अमित अग्रवाल मौजूद थे। हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनके पेट में तीन जगह चाकू के वार लगे हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी कर्मचारी का नाम शुभोजीत रॉय है जिसे मात्र तीन दिन पहले ही काम पर रखा गया था। लेकिन काम में लगातार लापरवाही और अनियमितता देखने के बाद मालिक ने उसे दुकान से हटा दिया था। इसी बात से नाराज होकर शुक्रवार रात शुभोजीत दुकान पर पहुंचा और हिसाब-किताब मांगने लगा।
भाई अमित अग्रवाल ने बताया कि आरोपी का वेतन 13 हजार रुपये मासिक तय हुआ था। चूंकि उसने सिर्फ ढाई दिन ही काम किया था, इसलिए उसका हिसाब करीब एक हजार रुपये से भी कम बनता था। जब विशाल अग्रवाल ने उसे शनिवार को आकर पैसा लेने की बात कही, तो वह ऑनलाइन भुगतान की जिद पर अड़ गया। विशाल ने इस पर इनकार किया, जिसके बाद उसने जेब से चाकू निकालकर अचानक उन पर हमला कर दिया।
आसपास मौजूद दुकानदारों ने शोरगुल सुनते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर साहस दिखाया और आरोपी को काबू में कर लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पूरे साकची बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और व्यापारी दहशत में आ गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
इधर, गंभीर रूप से घायल कारोबारी का टीएमएच अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और उन्हें खतरे से बाहर लाने की कोशिश कर रहे हैं। इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



