Bokaro: बोकारो के बहादुरपुर-जैनामोड़ मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कसमार प्रखंड के कमलापुर निवासी चंदन तुरी अपनी पत्नी और 13 वर्षीय पुत्र के साथ जिउतिया मनाकर घर लौट रहे थे।
बड़कावन के पास, सामने से आ रही तेज रफ्तार सब्जी लदी पिकअप वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता चंदन तुरी और उनका पुत्र मौके पर ही मृत हो गए, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच-23 को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
अंचल अधिकारी ऋतुराज मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और दोषी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है।



