Sahibganj : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज जयंतीग्राम में गुरुवार की रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। अज्ञात हमलावरों ने राजकुमार यादव उर्फ बुगली यादव की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनीश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इसके बाद सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ की और मौके की बारीकी से जांच की।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों की टीम द्वारा की गई जांच में पुष्टि हुई कि मृतक को सिर के अगले हिस्से में गोली मारी गई थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से पुलिस ने गोली का खोखा भी बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या जमीनी विवाद से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
मृतक राजकुमार यादव अपने पीछे 12 वर्षीय पुत्र और वृद्ध मां को छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि उनकी पत्नी कई साल पहले उन्हें छोड़कर दूसरी शादी कर चुकी है।



