Khunti: खूंटी ज़िले के रनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंगुतेल में बीती रात जंगली हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गाँव निवासी कृष्णा सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कृष्णा सिंह किसी काम से गाँव के पास निकले थे, तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें कुचल डाला, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

घटना की जानकारी मिलते ही आज सुबह तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मृतक के घर पहुँचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पीड़ित परिवार को दिलाया जाएगा ताकि वे इस संकट की घड़ी में मजबूती से खड़े हो सकें।
इसके साथ ही विधायक सुदीप गुड़िया ने तत्काल सहायता के तौर पर ₹50,000 नगद मृतक के परिवार को उपलब्ध कराया। उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी मुआवजा और अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।

ग्रामवासियों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और क्षेत्र में लगातार हो रहे हाथियों के आतंक पर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के झुंड के कारण गाँवों में भय का माहौल बना रहता है और प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।



