हजारीबाग। शहर के बुढ़वा महादेव मंदिर चौक के पास देर रात ई-रिक्शा चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लोहसिंघना निवासी 35 वर्षीय फैज अहमद उर्फ कैश के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि फैज अहमद की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उनके अनुसार मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार का गहरा निशान और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं।
घटना की खबर फैलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में जुट गए। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र मामले का खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सीसीटीवी फुटेज भी बरामद हुआ है। फुटेज में यह मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद लोहसिंघना क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।



