Khunti: जिला युवा कांग्रेस कमेटी द्वारा जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को अंजुमन हॉल, आज़ाद रोड, खूंटी में एक प्रेरणादायक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन युवा कांग्रेस की सामाजिक प्रतिबद्धता और मानवीय सोच का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। 
शिविर का आयोजन आलम हॉस्पिटल, रांची के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 35 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगा।
जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा दान है। युवाओं को आगे आकर ऐसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि समाज में मानवता, सहयोग और सेवा की भावना को और मजबूत किया जा सके। युवा कांग्रेस केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।” 
यह रक्तदान शिविर न केवल जन्मदिन को सेवा और समाजसेवा के रूप में मनाने की एक सराहनीय पहल साबित हुआ, बल्कि युवाओं के बीच एक सकारात्मक संदेश भी छोड़ गया कि एक यूनिट रक्त किसी की पूरी जिंदगी बचा सकता है। युवा कांग्रेस खूंटी द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी और समाजसेवी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही गई। 
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन, जिला उपाध्यक्ष उस्मान खान, जिला प्रवक्ता अनमोल धान, नवाज़ अंसारी, साजिद आलम, सरफराज ख़ान, आक़िब कलाम, सहजान अंसारी, अल्तमस अंसारी, फैसल आलम, अमन खान, रोशनी सोय, वार्ड पार्षद खालिद हुसैन, कांग्रेस जिला कमेटी के नगर अध्यक्ष ग़ुलाम शहीद, महासचिव जुबैद आलम सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



