Khunti: कर्रा प्रखंड के मास्को गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। 47 वर्षीय किसान जेवियर होरो (पिता– लाचु मुंडा) की जंगली हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेवियर होरो सुबह अपने बारी (खेत), जो करो नदी के उस पार लापुंग थाना क्षेत्र में स्थित है, मिर्च तोड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान करीब सुबह 7 बजे वे जंगल किनारे शौच के लिए जा रहे थे। तभी अचानक जंगल से एक जंगली हाथी निकल आया। हाथी को देखते ही जेवियर भागने लगे, लेकिन हाथी ने उन्हें दौड़ाकर अपनी सूंड में लपेट लिया और पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उनके सीने और सिर को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ समय बाद उनकी पत्नी सुशीला केरकेट्टा भी बारी पहुंची। पति को न पाकर खोजबीन शुरू की तो उन्हें जेवियर का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर वे दहाड़ मारकर रोने लगीं और गांव लौटकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने कर्रा वन विभाग और लापुंग थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कर्रा वन विभाग के फोरेस्टर राकेश कुमार ने मृतक की पत्नी को तत्काल 15 हजार रुपये की सहायता राशि दी और आश्वासन दिया कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा। 
घटना की जानकारी मिलने पर खूंटी जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद कुमार और जिला महामंत्री निखिल कंडुलना ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने वन विभाग से मांग किया है कि जंगली हाथी से बचाव के लिये उचित व्यवस्था की जाय ताकि लोगों का न जाय क्योंकि हर कुछ न कुछ दिनों के अंतराल पर इस प्रकार की घटना सामने आते रहता है।
वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



