Khunti: जिले की पुलिस को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक, खूँटी को जानकारी प्राप्त हुई थी कि अड़की थाना कांड संख्या 18/10 का फरार स्थायी वारंटी सत्यदेव हजाम, जो लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था, जमशेदपुर के सोनारी इलाके में छिपकर रह रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेशानुसार अड़की थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम को सूचना का सत्यापन करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए जमशेदपुर भेजा गया।
छापामारी टीम ने सोनारी क्षेत्र में पहुंचकर गुप्त तरीके से जांच-पड़ताल की और पुष्टि होने के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यदेव हजाम, पिता स्वर्गीय राधा गोविंद ठाकुर, निवासी ग्राम सिंदरी, थाना अड़की, जिला खूँटी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी था। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिवत न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।



