Breaking News

तमाड़ में दर्दनाक हादसा: एक युवक नवनीत सिंह मुंडा की मौत, जबकि दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा

Ranchi: तमाड़ प्रखंड के जानुमपीढ़ी पंचायत में बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। पंचायत की मुखिया रिना देवी के पुत्र नवनीत सिंह मुंडा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार आरव सिंह मुंडा गंभीर रूप से घायल हैं और जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार नवनीत सिंह मुंडा अपने साथी आरव सिंह मुंडा के साथ बुंडू से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सलगाडीह के समीप सड़क पर लापरवाही से खड़ी टमाटर लदी पिकअप वैन से उनकी बाइक सीधी जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देर किए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तमाड़ पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने नवनीत सिंह मुंडा को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं आरव सिंह मुंडा की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पहले ट्रॉमा सेंटर, बुंडू भेजा गया और वहां से रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया है।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां रिना देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।

इधर, स्थानीय मानकी उमाकांत सिंह ने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बीच सड़क पर इस तरह वाहन खड़ा करना बेहद खतरनाक है और इसके लिए जिम्मेदार चालक पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।

फिलहाल तमाड़ पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के पीछे की परिस्थितियों और लापरवाही के पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि दोषियों पर उचित कार्रवाई की जा सके।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post