Ranchi: रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत उलीडीह गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 29 वर्षीय युवक बासुदेव सिंह मुंडा का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में खड़े एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बासुदेव सिंह मुंडा मंगलवार रात अपने घर से निकला था। इसके बाद वह गांव के बाहर स्थित खेत की ओर चला गया, जहां उसने पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब ग्रामीण रोज की तरह खेतों की ओर काम करने पहुंचे, तो उनकी नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। यह दृश्य देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बेटे का शव देख चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर मातम का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
तमाड़ पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद उलीडीह गांव में गम का माहौल है। लोग स्तब्ध हैं और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।



