Saraikela kharsawan : खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान कुचाई प्रखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एवं अंचल पदाधिकारी (CO) सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। सांसद ने कई योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के क्रम में सांसद ने सरायकेला परिसदन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में पीएचईडी, आरईओ, बिजली, शिक्षा एवं गव्य विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान कई विभागों की कार्यशैली पर सांसद ने असंतोष व्यक्त करते हुए कड़ी नाराजगी जताई और कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में विशेष रूप से खरसावां जलापूर्ति योजना की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की गई। सांसद ने कहा कि जलापूर्ति जैसी बुनियादी सुविधा में देरी होना गंभीर विषय है। उन्होंने खरसावां के गोंडामारा एवं कुचाई के मरांगहातु समेत कई जलापूर्ति योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंचने पर सवाल उठाए।
सांसद मुंडा ने जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर भी उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम हो सके।
बिजली विभाग को लेकर भी सांसद ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को पूर्ण वोल्टेज के साथ नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
सांसद ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे और समाज के हर वर्ग को समान रूप से विकास का लाभ मिले, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लंबित योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने तथा कार्यों में जवाबदेही और तत्परता लाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर संगठन के कई प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इनमें कार्यकारी अध्यक्ष तरुण डे, सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, पूर्व युवा जिला अध्यक्ष प्रेमेन्द्र मिश्रा, प्रखंड अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि कोन्दो कुम्भकार, सांसद प्रतिनिधि सूरज महतो, रेंगो पूर्ति, मानसिंह मुंडा, सकरी दोंगो, फागु मुंडा, मुकेश मुदुईया, सचिन हेम्ब्रम, प्रकाश महतो, शंकर लोवादा, कन्हैया लाल समाड़, सौरव तांती, जगबंधु महतो, रामचंद्र लोहार, रतन मुखी, बुधनलाल कुम्हार, अशोक मुंडरी, करण हेम्ब्रम, गोपी बोदरा, जय प्रकाश महतो, मंगल सिंह हांसदा एवं गोबर्धन गागराई सहित कई लोग शामिल रहे।



