Khunti: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुरहू थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम (लासा) के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, खूंटी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मुरहू थाना अंतर्गत नील फैक्ट्री के पास बंदगांव की ओर से कुछ व्यक्ति अवैध अफीम लेकर बेचने के लिए आने वाले हैं तथा रांची की ओर से कुछ लोग उसे खरीदने पहुंचेंगे। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित नील फैक्ट्री के पास पहुंचकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने देखा कि सड़क किनारे दो मोटरसाइकिल—एक लाल-काला रंग की पल्सर और दूसरी आर्मी ग्रीन रंग की बुलेट—खड़ी है तथा कुछ दूरी पर झाड़ियों के पास चार व्यक्ति आपस में बातचीत कर रहे हैं। पुलिस बल को देखते ही सभी व्यक्ति भागने लगे।
छापामारी दल ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने अवैध अफीम की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जगदीश डहांगा (20 वर्ष), पिता स्व. बुधराम डहांगा, निवासी बामनोम (थाना बंदगांव, जिला पश्चिमी सिंहभूम), जबार पूर्ति (27 वर्ष), पिता सामु पूर्ति, निवासी कमरोड़ (थाना गुदड़ी, जिला पश्चिमी सिंहभूम) तथा रैजीश केरकेट्टा (23 वर्ष), पिता जेम्स केरकेट्टा, निवासी गझरिया (थाना केरसई, जिला सिमडेगा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 980 ग्राम अवैध अफीम, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा एक काला बैग व थैला बरामद किया है। जब्त सामानों का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 5 लाख रुपये आंका गया है।
इस मामले में मुरहू थाना कांड संख्या-36/26 के तहत धारा 18(b)/25/29 एनडीपीएस एक्ट, 1985 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।



