Ranchi: झारखंड में बिजली दरों में बढ़ोतरी और खराब आपूर्ति व्यवस्था के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को राज्यभर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के आह्वान पर जिला मुख्यालयों में स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यालयों के बाहर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए गए।
राजधानी रांची के डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी में जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान बिजली कटौती, बढ़े हुए दर और पोस्टपेड व स्मार्ट मीटर में कथित गड़बड़ियों को लेकर जमकर नारेबाजी की गई।
धरना का नेतृत्व भाजपा विधायक सीपी सिंह और मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने किया। दोनों नेताओं ने राज्य सरकार पर आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

सीपी सिंह ने कहा कि राजधानी में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां वीआईपी इलाकों में जेनरेटर के जरिए बिजली की व्यवस्था की जा रही है, वहीं आम लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुद्दा उठाने के बावजूद सरकार ने सुधार के बजाय बिजली दरों में वृद्धि कर दी।
वहीं नवीन जायसवाल ने स्मार्ट मीटर और बिलिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि नए मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिल अनियमित तरीके से बढ़ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं किया जा रहा, बल्कि उपभोक्ताओं पर जबरन वसूली की जा रही है और भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह लड़ाई आम जनता के हक और राहत के लिए है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में अलग-अलग नेताओं को प्रदर्शन की जिम्मेदारी दी गई। इस आंदोलन के जरिए भाजपा ने बिजली मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति स्पष्ट कर दी है।



