Khunti: खूंटी जिले के कर्रा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने 10वीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय का कुल परिणाम 90.9 प्रतिशत रहा, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
विद्यालय की मेधावी छात्रा प्रतिभा कुमारी ने 83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं दीपिका कुमारी ने 81.4 प्रतिशत अंक लाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रोशनी कुमारी ने 77.3 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इस परीक्षा में विद्यालय की कुल 44 छात्राएं शामिल हुई थीं, जिनमें से 40 छात्राएं सफल रहीं। छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बना दिया है।
विद्यालय की वार्डेन रश्मि कुमारी एवं स्कूल मैनेजर विनय कुमार पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर सभी छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। वार्डेन रश्मि कुमारी ने कहा कि यह सफलता शिक्षकों की कड़ी मेहनत, छात्राओं के अनुशासन और पढ़ाई के प्रति उनकी लगन का परिणाम है।
वहीं शिक्षकों ने भी छात्राओं की मेहनत और निरंतर प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से ही यह सफलता संभव हो पाई है। विद्यालय में इस सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है और सभी छात्राएं आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हैं। इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे कर्रा प्रखंड और खूंटी जिले को गौरवान्वित किया है।


