Ranchi: खूंटी के विधायक रामसूर्या मुंडा सोमवार को एक बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा, जब उनकी हवाई यात्रा खराब मौसम के कारण प्रभावित हो गई। वे इंडिगो की यात्री विमान से डिंबापुर (नागालैंड) से कोलकाता होते हुए रांची आ रहे थे, लेकिन रांची एयरपोर्ट पर प्रतिकूल मौसम के चलते विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी।

बताया जा रहा है कि रांची एयरपोर्ट के आसपास अचानक मौसम बिगड़ गया था। तेज हवा, घने बादल और कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) के कारण पायलट को विमान उतारने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया और किसी भी जोखिम से बचने के लिए विमान को रांची में उतारने के बजाय वापस कोलकाता डायवर्ट करने का निर्णय लिया।
विमान में विधायक रामसूर्या मुंडा सहित कई यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से कोलकाता एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इस घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली कि किसी भी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।
सूत्रों के अनुसार, हवाई यात्रा बाधित होने के बाद विधायक अब सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना होंगे। वहीं, एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही उड़ानों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सकेगा।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि खराब मौसम के दौरान विमानन सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन किया जाता है, जिससे यात्रियों की जान को किसी प्रकार का खतरा न हो।



