Latehar: लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत उचुवाबर गांव में एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें शराब के नशे में पिता ने अपने इकलौते पुत्र की हत्या कर दी। आरोपी पिता बिनेश्वर परहिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के दौरान एक अन्य ग्रामीण भी घायल हुआ।
बीती रात पिता और पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पुत्र सीताराम परहिया ने अपने पिता को जमीन पर पटक दिया। इस पर बौखलाए पिता ने धारदार चाकू से अपने बेटे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान वहां मौजूद सुदेश परहिया, जो झगड़ा रोकने के लिए बीच बचाव करने आए, भी चोटिल हो गए। उनके हाथ में चाकू की चोट लगी, जिससे उन्हें अस्पताल में उपचार की जरूरत पड़ी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतक का शव अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, ग्रामीणों ने आरोपी पिता को भी पुलिस के हवाले किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिता और पुत्र के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे, लेकिन बीती रात स्थिति इतनी बिगड़ी कि पिता ने अपने बेटे की हत्या कर दी। विवाद के पीछे दोनों का नशे में होना मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पिता और पुत्र दोनों शराब के नशे में थे। पिता ने बांस काटने वाले चाकू का इस्तेमाल कर अपने बेटे पर हमला किया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी पिता से पूछताछ जारी है।
डीएसपी भरत राम ने कहा कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटना ने पूरे गांव में डर और शोक का माहौल बना दिया है।



