Ranchi: रांची में झारखंड की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने महागठबंधन सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रतुल शाहदेव ने दावा किया कि साल 2019 के बाद से झारखंड में रेप, हत्या, चोरी और अपहरण जैसी घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और हालात इतने खराब हैं कि “हर गली में ‘रहमान डकैत’ घूम रहा है।”
उन्होंने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) और झारखंड पुलिस के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि जनवरी 2020 से जनवरी 2026 के बीच राज्य में 10,000 से अधिक रेप, 11,000 से ज्यादा अपहरण, 9,000 से अधिक हत्याएं और 60,000 से ज्यादा चोरी की घटनाएं दर्ज की गई हैं। उनके अनुसार, यह आंकड़े राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को दर्शाते हैं।
बीजेपी प्रवक्ता ने झामुमो-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय आपसी राजनीतिक खींचतान में व्यस्त हैं।
वहीं, कांग्रेस ने इन आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि बीजेपी नेता जानबूझकर धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के पास जनहित के मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह इस तरह के बयान देकर माहौल खराब करना चाहती है।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि बीजेपी अपने नेताओं से जुड़े भ्रष्टाचार और अन्य मामलों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही है। उनके मुताबिक, “रहमान” या “नौशाद” जैसे नामों का इस्तेमाल करना एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति है।
इस बयानबाजी के बाद झारखंड की राजनीति में एक बार फिर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिल रही है, जहां कानून-व्यवस्था का मुद्दा केंद्र में आ गया है।


