Khunti: रामनवमी के दौरान मुरहू में हुई घटना के बाद विभिन्न संगठनों द्वारा आहूत अनिश्चितकालीन खूंटी बंद की समाप्ति की घोषणा का तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने स्वागत किया है। उन्होंने बंद खत्म होने पर प्रशासन और आम जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि बंद के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया था, जिससे दैनिक कार्य, व्यापार और आवागमन पर प्रतिकूल असर पड़ा। ऐसे में प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच सकारात्मक पहल के बाद बंद समाप्त होना एक सराहनीय कदम है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद ही समस्याओं के समाधान का सबसे बेहतर माध्यम है। प्रशासन की पहल और आंदोलनकारियों के सहयोग से ही यह संभव हो पाया कि स्थिति सामान्य हो सकी।
विधायक ने आगे कहा कि खूंटी की पहचान हमेशा से सामाजिक समरसता और भाईचारे की रही है। यहां हिंदू, मुस्लिम, सरना, ईसाई सहित सभी धर्मों के लोग आपसी सौहार्द के साथ रहते आए हैं और मिल-जुलकर हर पर्व-त्योहार मनाते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी संवाद और सहयोग से खूंटी की साख एक बार फिर मजबूत हुई है और सभी धर्म एवं समुदाय मिलकर जिले को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाएंगे।



