Breaking News

रामनवमी शोभा यात्रा के बाद मुरहू में तनाव, पथराव के बीच गोली चलने की भी चर्चा — प्रशासन अलर्ट, निषेधाज्ञा लागू

Khunti: खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद अब गंभीर तनाव में बदल गया है। शुक्रवार देर रात शुरू हुआ विवाद आज अचानक उग्र हो गया, जब दो समुदायों के बीच कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों को जान बचाकर इधर-उधर भागना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और सड़कें खाली हो गईं। इसी बीच स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि पथराव के दौरान गोली चलने की आवाज भी सुनाई दी। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक गोली चलने की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की। अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और आक्रोशित भीड़ को शांत कराने का प्रयास कर रही हैं।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। मुरहू मुख्य सड़क मार्ग पर बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, साउंड सिस्टम के माध्यम से लोगों को एकत्रित न होने और तुरंत क्षेत्र खाली करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। दंगा नियंत्रण के लिए वज्र वाहन, रैपिड एक्शन फोर्स की क्यूआरटी टीम, वाटर कैनन, अश्रु गैस के गोले के साथ पुरुष एवं महिला पुलिस बलों को भी तैनात किया गया है। आसपास के थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त बल भी बुलाया गया है।

मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, मुरहू सीओ, थाना प्रभारी सहित तोरपा, सायको, खूंटी, मरांगहादा और तपकरा थाना के प्रभारी भी मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। दोनों पक्षों की मांगों को ध्यान में रखते हुए बातचीत की जा रही है और निष्पक्ष तरीके से आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ को पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि रामनवमी जुलूस के दौरान कुछ लोगों को पत्थर लगने का अहसास हुआ था, जिससे यह विवाद शुरू हुआ। पत्थर कहां से आया, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है और इसकी जांच की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post