Indian Premier League 2026: आईपीएल 2026 का रोमांच अब फैंस के लिए शुरू होने वाला है। इस बार टूर्नामेंट का आगाज 28 मार्च 2026 को होगा, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपना पहला मुकाबला खेलेगी। इस सीजन का फाइनल 31 मई 2026 को होगा और कुल 74 मैच खेले जाएंगे। हालांकि प्लेऑफ शेड्यूल का ऐलान अभी तक नहीं किया गया है।
इस साल कुछ टीमों ने अपने होम ग्राउंड्स में बदलाव किया है। आरसीबी अपने दो होम मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेलेगी, पंजाब किंग्स चार मैच न्यू चंडीगढ़ और तीन धर्मशाला में आयोजित करेगी, जबकि राजस्थान रॉयल्स अपने चार मैच जयपुर और तीन गुवाहाटी में खेलेगी। यह बदलाव फैंस के लिए नई रोमांचक अनुभवों का मौका देगा और अलग-अलग शहरों में क्रिकेट का उत्सव बढ़ाएगा।
IPL 2026 में टीमों को दो ग्रुप्स (5-5) में बांटा गया है। ग्रुप A में चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स हैं, जबकि ग्रुप B में मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स शामिल हैं। प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की टीमों से एक बार और दूसरे ग्रुप की टीमों से दो बार मैच खेलेगी। मैच समय की बात करें तो शाम के मुकाबले 7:30 बजे और दोपहर के मुकाबले 3:30 बजे शुरू होंगे।

इस सीजन में कई बड़े ट्रेड हुए हैं। राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए, बदले में रवींद्र जडेजा और सैम करन राजस्थान गए, हालांकि करन चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। इसके अलावा मोहम्मद शामी सनराइजर्स से लखनऊ सुपर जायंट्स, नितीश राणा राजस्थान से दिल्ली कैपिटल्स, मयंक मार्कंडे कोलकाता से मुंबई इंडियंस और अर्जुन तेंदुलकर मुंबई से लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए हैं।
नीलामी में विदेशी और अनकैप्ड खिलाड़ियों पर जबरदस्त बोली लगी। सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरन ग्रीन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.2 करोड़ में खरीदा। वहीं, केकेआर ने मथीशा पथिराना को 18 करोड़ में साइन किया। अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.2 करोड़ में खरीदा। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी दिल्ली कैपिटल्स में 8.4 करोड़ में शामिल हुए।
चोटों और अन्य कारणों से कई खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में उपलब्ध नहीं होंगे। केकेआर के हर्षित राणा और आकाश दीप बाहर हैं, पैट कमिंस पहले हाफ में नहीं खेलेंगे, आरसीबी के जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में अनुपस्थित होंगे, जबकि पंजाब किंग्स के लॉकी फर्ग्यूसन और दिल्ली के बेन डकेट भी इस बार उपलब्ध नहीं हैं।
सुपोर्ट स्टाफ में भी बदलाव हुए हैं। राजस्थान रॉयल्स में कुमार संगाकारा को हेड कोच और क्रिकेट डायरेक्टर बनाया गया है। केकेआर में अभिषेक नायर हेड कोच बने, शेन वॉटसन असिस्टेंट कोच और टिम साउथी बोलिंग कोच बनाए गए। इस सीजन कई बड़े नाम जैसे ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डू प्लेसिस, मोईन अली मैदान पर नहीं दिखेंगे, जबकि आंद्रे रसेल ने आईपीएल से संन्यास लेकर केकेआर के पावर कोच के रूप में जुड़ गए हैं।
बीसीसीआई ने IPL 2026 के लिए नए नियम भी लागू किए हैं। मैच वाले दिन टीमों को प्रैक्टिस की इजाजत नहीं होगी, कोई भी टीम 2 से अधिक प्रैक्टिस मैच नहीं खेलेगी, प्रैक्टिस नेट्स शेयर नहीं किए जाएंगे और हर टीम को नया नेट्स मिलेगा। होम टीम का पहला मैच खेलने वाली पिच पर चार दिन पहले से कोई ट्रेनिंग नहीं कर सकेगा। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए परिवार और दोस्तों के साथ ट्रेवल और मैदान पर LEB बोर्ड के पास बैठने पर भी प्रतिबंध रहेगा।



