Deoghar: झारखंड के देवघर में नवनिर्वाचित महापौर Ravi Raut ने शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेकर आधिकारिक रूप से जिम्मेदारी संभाल ली। संथाल परगना के आयुक्त की मौजूदगी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शपथ लेने के बाद मेयर को प्रमाण पत्र भी सौंपा गया, जिसके साथ ही उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया।
शपथ ग्रहण के बाद मेयर रवि राउत ने कहा कि वह अगले दिन से नियमित रूप से नगर निगम कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने कहा कि उनके चेंबर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। मेयर ने कहा कि जनता ने उन्हें जिस भरोसे के साथ चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
मेयर ने साफ तौर पर कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को मजबूत करना और गर्मी के मौसम में होने वाले जल संकट से लोगों को राहत दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्तर पर इन दोनों मुद्दों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रवि राउत ने यह भी कहा कि देवघर एक प्रमुख धार्मिक नगरी है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना बेहद जरूरी है। उनका मानना है कि यदि श्रद्धालुओं को यहां स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिलेगा तो इससे शहर की छवि और मजबूत होगी और नगर निगम को भी राजस्व के रूप में फायदा होगा।
इस अवसर पर मेयर ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग नगर निगम को साफ-सफाई और शहर के विकास से जुड़े सुझाव दें, ताकि योजनाओं को बेहतर तरीके से जमीन पर उतारा जा सके। वहीं नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड पार्षद Tip Chatterjee ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 21 वोटों के अंतर से हराकर यह पद हासिल किया।


