Khunti: खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर के पास कारो नदी तट पर स्थित शिव मंदिर से अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा भगवान गणेश की संगमरमर की प्रतिमा और पीतल का शेषनाग चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में गुरुवार को तोरपा थाने में मामला दर्ज कराया गया है। 
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम करीब 7 बजे तक मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की थी और सब कुछ सामान्य था। लेकिन गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण पूजा करने मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर से भगवान गणेश की संगमरमर की प्रतिमा और पीतल का शेषनाग गायब है। यह देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में सनातनी श्रद्धालु मंदिर परिसर के पास एकत्रित हो गए। 
घटना की सूचना मिलते ही जरियागढ़ थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि दोषियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। 
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह शरारती तत्वों की करतूत प्रतीत होती है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। साथ ही मंदिर के आसपास के इलाके में भी छानबीन की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी की गई प्रतिमा और शेषनाग की बरामदगी की मांग की है।



